उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
बलिया:--गायत्री शक्तिपीठ महावीर घाट के बैनर तले रविवार को शहर के जेएमबी रिसोर्ट में एक दिवसीय 'युवा चेतना कार्यशाला' का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को जागृत कर उन्हें समाज कल्याण और राष्ट्र पुनर्निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों युवाओं की उपस्थिति और उत्साह देखने योग्य था।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरा के अनुसार हुई। समाजसेवी व छात्र नेता अनिल राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। इसके पश्चात डॉ. विनीता सिंह द्वारा देव पूजन का अनुष्ठान संपन्न कराया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और ऊर्जावान हो उठा। प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और मुख्य वक्ता जयप्रकाश वर्मा ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर की विविध चुनौतियों के बीच अपनी नैतिक जिम्मेदारियों और 'युग धर्म' को समझना ही युवाओं का प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने बल देकर कहा कि युवा ऊर्जा ही किसी भी राष्ट्र में स्थायी और सकारात्मक बदलाव की सबसे मजबूत नींव होती है।उपजोन समन्वयक प्रमोद कुमार राय ने युवाओं को रचनात्मक और सामाजिक कार्यों से निरंतर जुड़े रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सेवा, उच्च संस्कार और सुदृढ़ संगठन की भावना को अपने आचरण में ढालकर ही हम एक सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण कर सकते हैं।
पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को संबोधित करते हुए पर्यावरण प्रेमी मणिनाथ तिवारी की ओर से 200 युवाओं को पौधे वितरित किए गए। इसके साथ ही, उपस्थित सभी युवाओं को रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें वृक्ष बनाने का गंभीर संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख बिजेंद्र नाथ चौबे, जिला समन्वयक रवींद्र नाथ पांडेय, जिला युवा समन्वयक राकेश पांडेय तथा प्रमिल दुबे ने संयुक्त रूप से दूर-दराज से आए सभी युवाओं, वक्ताओं और समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया।

TREND