उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- चकिया के बारी (जनाड़ी) गांव में गुरुवार की रात करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से लगी आग मे रिहायशी झोपड़ी सहित दैनिक उपयोग का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार चकिया के बारी (जनाड़ी) निवासी सोनू यादव पुत्र मुन्ना यादव रोज की भांति गुरुवार की रात को भी अपने परिवार के साथ रिहायशी झोपड़ी में खा-पीकर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। सोनू यादव की मां देवान्ती देवी ने बताया कि गर्मी और उमस होने के कारण मैं पूरी नींद में नहीं थी तभी अचानक मुझे महसूस हुआ की बगल वाली झोपड़ी से धुआ निकल रहा है। जिसे मैं देखकर शोर मचाना शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद जिसे जो भी साधन मिला, उसके सहारे पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। लोगो ने समरसेवल के पानी के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा गृहस्थी एवं दैनिक उपयोग का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। झोपड़ी जलने के बाद पीड़ित का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया।
घटना की जानकारी होते ही ग्राम प्रधान विनोद पासवान ने लेखपाल सहित संबंधित अधिकारियों को सूचित किया तथा यथासंभव पीड़ित परिवार की सहायता भी की। सोनू यादव मजदूरी करता है, जबकि उनके पिता मुन्ना यादव दिव्यांग हैं।