उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट: हिमांशु शेखर
बलिया उत्तरप्रदेश:---बलिया के सुरेमनपुर क्षेत्र से एक अत्यंत हृदयविदारक और अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अवैध संबंधों के निराधार शक में, नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की बर्बरतापूर्वक पिटाई की और फिर अपने एक वर्ष के मासूम बेटे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य कृत्य के बाद गांव में मातम और गहरा आक्रोश व्याप्त है।
घटना सुरेमनपुर निवासी रूपेश तिवारी के घर की है, जिसका विवाह चार साल पहले रीना तिवारी से हुआ था। पुलिस को दी गई तहरीर में रीना तिवारी ने बताया कि उसका पति रूपेश पिछले कई महीनों से उस पर अवैध संबंधों के झूठे आरोप लगाता था और शराब पीकर आए दिन घर में झगड़ा करता था।
शनिवार देर शाम, रूपेश नशे की हालत में घर आया और बिना किसी बात के रीना और उसके पिता को गाली-गलौज करते हुए मारने-पीटने लगा। खुद को बचाने के लिए रीना और उसके पिता पड़ोसी के घर भाग गए। इस दौरान घर में उनकी तीन वर्षीय बेटी अनन्या और एक वर्षीय बेटा किन्नू अकेले थे।
गुस्से और नशे के आवेश में आकर, रूपेश ने धारदार हथियार से मासूम बेटे किन्नू पर हमला कर दिया।
अगली सुबह, जब रीना और परिजन पड़ोसियों के साथ घर पहुंचे, तो मंजर देख सबके होश उड़ गए। मासूम किन्नू लहूलुहान हालत में बिस्तर पर पड़ा था, उसके जबड़े पर गहरा घाव था। बच्चे की हालत देखकर मां रीना मौके पर ही बेहोश हो गई।
बच्चे को तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार: माँ का दर्दनाक बयान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पिता रूपेश तिवारी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
रीना तिवारी ने पुलिस को बताया कि यह रूपेश की पहली क्रूरता नहीं है। उसने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में उसके पहले बेटे की मौत भी रूपेश की क्रूरता और लापरवाही के कारण हुई थी। रीना ने कहा, "उसने पहले भी मेरा एक बेटा छीना था, अब दूसरे को भी मार डाला। ऐसे दरिंदे को फांसी होनी चाहिए।"
क्षेत्राधिकारी बैरिया, मोहम्मद फहीम कुरैशी ने पुष्टि करते हुए बताया कि, "पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी पिता ने धारदार हथियार से मासूम बेटे की हत्या की है। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"
यह दर्दनाक घटना समाज को अविश्वास, नशे, और घरेलू हिंसा के गंभीर परिणामों पर विचार करने के लिए मजबूर करती है।

TREND