उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर बलिया:--महाशिवरात्रि के मौके पर विभिन्न शिवालयों एवं मंदिरों में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, बेलपत्र और पुष्प लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते देखे गए। वहीं क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों को सजाकर शिवलिंग का विधिवत श्रृंगार किया गया था। कई शिवालयों में महाशिवरात्रि के महापर्व पर शिव बारात की मनोहारी झांकी एवं भंडारे का भी आयोजन किया गया था। जहां हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेककर अपने तथा समाज के मंगल के लिए कामना की। मंदिरों में भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने पर्याप्त पुरुष एवं महिला पुलिस बल की व्यवस्था कर रखी थी।
महाशिवरात्रि के महापर्व के अवसर पर शिवपुर दीयर नई बस्ती बेयासी स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर, अखार में बाबा तेजेश्वर नाथ, नगवा में नागेश्वर नाथ एवं बाबा गरीबा नाथ, जनाड़ी में बालखण्डी नाथ, भरसर में दुःखहरण नाथ सहित क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, फल-फूल, दूध और गंगाजल चढ़ाकर तथा ओम नमः शिवाय का उच्चारण कर शिव का जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव की जयघोष से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। इस दौरान मंदिर कमेटी के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया गया।

TREND