उत्तर प्रदेश प्रयागराज
इनपुट: समाचार डेस्क
प्रयागराज:---प्रयागराज में शादी के 2 दिन बाद नई नवेली दुल्हन ने बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। वहीं, बच्चे के जन्म के बाद ससुराल वालों ने बहू को अपनाने से इनकार कर दिया। दूल्हे ने कहा- यह मेरा बच्चा नहीं है। मेरी 4 महीने पहले ही शादी तय हुई थी। वहीं, दुल्हन के मायके वालों का कहना है कि शादी से पहले दोनों का मिलना-जुलना था। विवाद के चलते गांव में पंचायत हुई, जिसके बाद दुल्हन बच्चे को लेकर मायके चली गई।
यह तस्वीर 24 फरवरी को शादी के दिन की है। जब वरमाला कार्यक्रम के बाद दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे थे।
प्रयागराज के करछना तहसील के युवक की 24 फरवरी को जसरा गांव में बारात गई थी। शादी के समय लड़की वालों ने बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाली। देर रात तक शादी का कार्यक्रम चलता रहा। शादी के अगले दिन 25 फरवरी को दुल्हन की विदाई हुई।
दूल्हे की मां ने बताया- विदाई के बाद घर पहुंची नई नवेली दुल्हन को देखने के लिए आस- पड़ोस के लोग और रिश्तेदार आने लगे। दिनभर मुंह दिखाई का कार्यक्रम चला। इसके बाद सभी सोने चले गए। अगले दिन 26 फरवरी की सुबह बहू उठी, तो उसने सबको चाय बनाकर पिलाई। घर में खुशहाली का माहौल था। 26 फरवरी को अचानक शाम के समय बहू ने कहा कि पेट में दर्द हो रहा है। हम लोग तुरंत उसको करछना CHC ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच की, तो पता चला कि वह प्रेग्नेंट है। डॉक्टरों ने कहा- आप लोग फॉर्म पर साइन कर दीजिए। तुरंत इन्हें डिलीवरी के लिए ले जाना होगा। करीब 2 घंटे बाद बहू ने एक बच्चे को जन्म दिया।
इस सूचना पर हम लोगों को समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें? हमने तुरंत दुल्हन के मायके वालों को सूचना दी। मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे। यहां हमने उन लोगों से कहा कि आपकी बेटी प्रेग्नेंट थी, यह बात आपने क्यों नहीं बताई..?