बिहार पटना
इनपुट:सोशल मीडिया
सीतामढ़ी :--- बिहार के सीतामढ़ी में दर्दनाक हादसा हुआ है. जहां पोखर में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई. वहीं स्थानीय लोगों ने दो बच्चियों को बचा लिया. जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए. इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई.
सीतामढ़ी में डूबने से तीन बच्चियों की मौत : मृतकों की पहचान मिथुन राय की पुत्री सुधा कुमारी (9 वर्ष), रविन्द्र राय की पुत्री नंदनी कुमारी (8 वर्ष) एवं उमा राय की पुत्री आरती कुमारी उम्र 13 वर्ष के रूप में की गई. मौके पर प्रशासन की टीम पहुंची हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
मिट्टी काटने के दौरान हुआ हादसा : स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पचरा निवाही पंचायत के कंचनपुर गांव के वार्ड नंबर 11 में मिट्टी काटने के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. जिसमें कुल पांच बच्चियां पोखर में डूब गई. जिसमें ग्रामीणों की तत्परता से दो को बचा लिया गया, जबकि तीन बच्चियों की मौत पानी में डूबने से हो गई.
''सभी बच्चियां मिट्टी काटने के लिए पोखर के समीप गई थी. जिसमें पैर फिसलने से दो बच्चियां पानी में डूबने लगी. अन्य बच्चियां उनको बचाने के लिए पानी में कूद गई.''- स्थानीय
साहसी युवक ने दो को बचाया : लोगों ने बताया कि नरेश राय की पुत्री रोशनी कुमारी जब गांव की तरफ दौड़ी तब वहीं पास में भूसा का ढेर लगा रहे युवक विमलेश कुमार ने बिना कुछ सोचे उस पोखर में छलांग लगा दी. वहां उसने डूब रही लड़कियों में से रविंद्र राय की पुत्री 12 वर्षीय रितु कुमारी एवं 13 वर्षीय प्रियांशु कुमारी को बाहर निकाल लिया. जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भेज दिया गया. वहीं तीन अन्य लड़कियां ज्यादा गहराई में जा चुकी थी. जिसे बचाना उसके लिए असंभव था.
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल : सूचना मिलते ही एसआई पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. सभी के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. सूचना मिलते ही बाजपट्टी विधायक मुकेश यादव व जिला पार्षद देवेंद्र यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतकों के परिवार वालों को सांत्वना दी.
''सूचना मिली कि कंचनपुर गांव में बच्चियां डूब गईं हैं. सभी मिट्टी निकालने गई थी. एक को बचाने में सभी डूब गई. दो को ग्रामीणों ने बचा लिया जबकि तीन की मौत हो गई. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.''- जगेश्वर प्रसाद, पुलिस पदाधिकारी, बाजपट्टी थाना।
✓ *

TREND