हिमाचल प्रदेश
इनपुट:सोशल मीडिया
हिमाचल प्रदेश:---पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। हिमाचल प्रदेश में भी इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने आज प्रस्तावित कुल्लू जिला के बंजार का दौरा रद्द कर दिया है। ताजा हालात की समीक्षा और सुरक्षा रणनीति तय करने के लिए उन्होंने प्रदेश सचिवालय में एक आपातकालीन उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी सहित सुरक्षा से जुड़े तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपातकालीन बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमें भारतीय सेना पर गर्व है।
सेना के तीनों अंगों ने जिस प्रकार दबाव के बीच धैर्य, संयम और सटीक कार्रवाई का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। हिमाचल प्रदेश की जनता सेना के साथ खड़ी है और इस कार्रवाई में देश के साथ पूरी एकजुटता दिखा रही है। हिमाचल हमेशा से देश सेवा और बलिदान की भूमि रहा है। देश के सबसे अधिक परमवीर चक्र विजेता हिमाचल से हैं। हिमाचल के वीर जवानों और शहीदों का इतिहास गौरवशाली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की हत्या की गई, जिसका सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। हिमाचल की जनता इस कार्रवाई को देखकर गर्व और संतोष महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संदर्भ में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, क्योंकि प्रदेश के कुछ क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट हैं। सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन पूरी सतर्कता बरतना जरूरी है।