उत्तर प्रदेश अयोध्या
इनपुट: संतोष मिश्रा
अयोध्या :---उत्तर प्रदेश शासन ने मंगलवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में सबसे अहम नाम रहा अयोध्या मंडल के कमिश्नर गौरव दयाल, जिन्हें अब गृह विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर राजेश कुमार को अयोध्या मंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
अयोध्या में छाप छोड़ी, अब लखनऊ की नई जिम्मेदारी
गौरव दयाल ने अयोध्या में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णयों और विकास कार्यों को धरातल पर उतारा। धार्मिक नगरी अयोध्या को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने की सरकारी कोशिशों में उनका प्रशासनिक प्रबंधन अहम रहा। राम मंदिर निर्माण की निगरानी से लेकर कांवड़, दीपोत्सव और वीआईपी मूवमेंट्स की व्यवस्थाओं तक, उन्होंने संतुलन और सूझबूझ से अयोध्या को संभाला।
जनसुनवाई से लेकर ज़मीनी निरीक्षण तक, हमेशा रहे सक्रिय
गौरव दयाल सिर्फ फाइलों के अफसर नहीं थे। शहर से गांव तक, विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण हो या जनता की समस्याएं—वह हर मोर्चे पर सक्रिय दिखे। उनकी छवि एक ऐसे अफसर की रही जो मुद्दों को टालते नहीं, सुलझाते हैं।
राजेश कुमार के लिए अग्निपरीक्षा जैसी चुनौती
अब अयोध्या मंडल की कमान राजेश कुमार को मिली है। गृह विभाग में अनुभव रखने वाले राजेश कुमार को अयोध्या जैसे संवेदनशील और तेजी से बदलते धार्मिक-राजनीतिक भूगोल वाले मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
उनसे विकास की गति बनाए रखने और सामाजिक समरसता को संतुलित ढंग से संभालने की अपेक्षा की जा रही है। गौरव दयाल की विदाई महज एक तबादला नहीं, बल्कि प्रशासनिक हस्ताक्षर की विदाई है। उनके जाने के साथ अयोध्या के प्रशासन में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि राजेश कुमार इस नई भूमिका में किस तरह संतुलन साधते हैं।