नई दिल्ली
इनपुट: हिमांशु शेखर
नई दिल्ली:--राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराध बेलगाम हो गया है. अपराध को पेशा बना चुके बदमाश आए दिन दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हत्या और अपराध की अन्य बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास चौक से लापता हुए दो साल के बच्चे का शव शनिवार को सीआरपीएफ कैंप की बाउंड्री के पास से बरामद हुआ है.
दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. साथ ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है.
उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि खजूरी खास थाना पुलिस को शुक्रवार शाम तकरीबन 5:00 बजे 2 साल के बच्चे के लापता होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान शनिवार को बच्चे का शव खजूरी खास थाना क्षेत्र अंतर्गत सीआरपीएफ बाउंड्री के पास से बरामद हुआ है.
डीसीपी आशीष मिश्रा का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खांगले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान हो. क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है. बता दें कि बच्चों का परिवार काफी गरीब है. वह खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे दशहरा के मौके पर खिलौना बेचकर अपना गुजर बसर कर रहा है. घटना के वक्त बच्चा भी फ्लाईओवर के नीचे ही था, जहां से वह अचानक गायब हो गया. बच्चों के जानकारों ने बताया कि बच्चों का शव काफी बुरे हालात में मिला है.

TREND