उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- क्षेत्र के घोड़हरा गांव स्थित क्रिकेट मैदान पर आयोजित रात्रिकालीन घोड़हरा प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला हनुमानगंज और रेवती के बीच जबकि दूसरा मुकाबला इंदरपुर और अनीश-11 घोड़हरा के बीच संपन्न हुआ। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मैच में हनुमानगंज के कप्तान आनंद यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। हनुमानगंज की टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 6 विकेट खोकर 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेवती की टीम, कप्तान महताब आलम के नेतृत्व में संघर्ष करती दिखी, लेकिन टीम 6 ओवर में 5 विकेट खोकर मात्र 45 रन ही बना सकी। इस तरह हनुमानगंज ने यह मुकाबला 15 रन से अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लखन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दूसरे मुकाबले में अनीश-11 घोड़हरा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंदरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 91 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी अनीश-11 घोड़हरा की टीम 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 69 रन ही बना सकी और इंदरपुर ने मुकाबला जीत लिया। इंदरपुर की जीत में रवि किशन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया।
टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि कामेश्वर सिंह ने फीता काटकर किया। आयोजक अस्तक राजा (गोलू) और उनकी टीम ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने सभी चारों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैच में हर्ष प्रताप सिंह ने कमेंटेटर, सोनू कनौजिया ने स्कोरर तथा राजकुमार भारती और मनदीप कुमार ने अंपायर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। आयोजन मंडल में विनोद भारती, तबरेज आलम, राजनाथ यादव समेत कई लोगों ने सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर विकास यादव, राजा, अरमान, बुलेट, बंटी, अनिल, शाहिद, कुलदीप सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

TREND