उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
बलिया:-आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन योजना के तहत जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं मनोज कुमार शर्मा उप महानिरीक्षक एन डी आर एफ के मार्गदर्शन व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार के दिशा-निर्देश में निरीक्षक प्रवीण उपाध्याय के कुशल नेतृत्व में 11वीं एन डी आर एफ वाराणसी की टीम द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से स्कूल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन गुरुवार को जनपद बलिया के जीरा बस्ती स्थित पी एम श्री केन्द्रीय विद्यालय में स्कूली बच्चों और शिक्षकों के लिए किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आकस्मिक आपदाओं के समय छात्रों और स्कूल स्टाफ को त्वरित और सुरक्षित कदम उठाने के लिए जागरूक करना था। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में एन डी आर एफ के कुशल प्रशिक्षकों ने आधुनिक उपकरणों और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तौर तरीके सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य रूप से भूकंप, आग लगने, बाढ़ और भगदड़ जैसी स्थितियों में बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, सीपीआर देने की विधि और घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तकनीकों का सजीव प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के जिला समन्वयक शैलेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और आपदाओं के प्रति उनकी जागरुकता पूरे समाज को सुरक्षित बनाने में मदद करेगी।स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य हर छात्र को इस काबिल बनाना है कि वे संकट के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से अपनी और दूसरों की जान बचा सकें।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में स्कूल परिसर में एक माक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें अलार्म बजने के बाद सभी छात्रों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कक्षाओं से बाहर निकाला गया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने एन डी आर एफ की इस पहल की सराहना की और बल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पर एन डी आर एफ, नागरिक सुरक्षा कोर, रेडक्रॉस सोसायटी, स्कूल प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र/छात्राएं उपस्थित रहे।

TREND