उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--निमिया के डारि जनि कटिहऽ ए बाबा, निमिया ह माई के बसेर... प्रसिद्ध लोकगीत गायक कमलबास कुंवर ने जब यह देवी गीत गाना शुरू किया तो फिजा में ऐसा रंग जमा कि लोग झूमे बिना नहीं रह सके। क्षेत्र के नगवा गांव स्थित नागेश्वर नाथ शिव मंदिर प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण के छठीहारोत्सव के अवसर पर बुधवार की रात लोकगीत का शानदार मुकाबला हुआ। यह मुकाबला गायक कमलबास कुंवर शाह के डुमरी, बक्सर, बिहार और भोजपुरी फिल्म के नायक एवं गायक खेसारी लाल यादव के गुरु कमलाकांत मिश्र छपरा, बिहार के बीच हुआ।
दोनों कलाकारों की मर्मस्पर्शी प्रस्तुति दर्शकों को खूब पसंद आई। श्रोताओं ने सारी रात लोक कला का खूब आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक दीपक पाठक ने बाबा नागेश्वर नाथ सेवा समिति के सदस्यों के साथ कलाकारों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र से सम्मानित कर किया। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे गीतकार बब्बन विद्यार्थी एवं प्रसिद्ध घुड़सवार पोंगा यादव को मंच पर बुलाकर कमलबास कुंवर ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद गायक कमलाकांत मिश्र ने अपनी गीत- "अबहीं रहिओ ना धरइली हो, भूलइली जिंदगी.. एवं "सहल नाहीं जाला, तहरो जुदाई.. सुनाकर खूब वाहवाही लूटी।
इसके बाद कमलबास कुंवर ने अपनी गीत- "नाहीं दोष गायक गवईया में बा, सारा दोष आज के समईया में बा.. गाकर सबको सोचने पर मजबूर कर दिया। युवा वर्ग की फरमाइश पर कमलबास कुंवर ने प्रेम और श्रृंगार रस की गीत- "बलिया नरही फेफना उजियार खोजऽता, एगो पागल बा दीवाना, थोड़ा प्यार खोजऽता... सुनाकर पूरी महफिल को झूमने पर बिवस कर दिया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति कर सारी रात समां बांधे रखा। अंत में नगवा निवासी गायक विजय पाठक ब्यास ने निर्गुणी, बिरह गीत सुनाकर सबको भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन रोहित पाठक 'छोटू' एवं रमन पाठक ने किया।
इस मौके पर विष्णु दयाल पांडेय, सुशील पाठक, विमल पाठक, गडल दुबे, पूर्व प्रधान सुनील मिश्रा, विनोद गुप्ता, कल्लू पाठक, राधा पाठक, विजय शंकर यादव, राधाकृष्ण पाठक, सरल पासवान, अजीत यादव, अजीत पाठक सोनू , जयराम यादव, टिंकू पाठक, गुरु दुबे, रवि शंकर पाठक, शिवनाथ यादव, अमित मिश्रा, अमन दुलारा आदि लोगों ने कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।भगवान श्रीकृष्ण के छठीहार उत्सव पर आयोजित भंडारे में क्षेत्र के हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

TREND