उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- क्षेत्र के अड़रा स्थित 'एस.जी. पब्लिक स्कूल' के प्रांगण में पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती ‘शिक्षक दिवस’ के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अन्नपूर्णा नंद तिवारी तथा समस्त शिक्षणगण द्वारा डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण करके किया गया। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक केक काटकर डॉ. राधाकृष्णन का जन्मोत्सव मनाया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक अन्नपूर्णा नंद तिवारी ने कहा कि बच्चे देश का स्वर्णिम भविष्य हैं। केवल पुस्तकीय ज्ञान किसी व्यक्ति को महान नहीं बना सकता, बल्कि इसके साथ सामाजिकता, नैतिक मूल्यों और शिष्टाचार का होना अनिवार्य है। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बब्बन चौबे ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन चरित्र और उनकी महान उपलब्धियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। कहा कि माता-पिता का दायित्व केवल जन्म देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को सही दिशा और उत्तम शिक्षा देकर एक श्रेष्ठ नागरिक बनाना भी उनका परम कर्तव्य है। वहीं, बच्चों का भी यह धर्म है कि वे अपने माता-पिता और गुरुओं की सेवा व सम्मान करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाएं और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर धर्मराज सिंह, प्रकाश सिंह, चंद्रप्रकाश पाल, इश्तियाक मोहम्मद, रणधीर सिंह, चिरंतन गुप्ता, शुभम उपाध्याय, अमन तिवारी, राजेंद्र राय, दयाशंकर शर्मा, रवि गुप्ता, इश्तियाक मोहम्मद, रणधीर सिंह, नंदन दुबे, दुर्गेश तिवारी, शबनम आरा, क्षमा वर्मा, दीक्षा चौबे, एकता यादव, अनीशा यादव, सलोनी गुप्ता तथा रितु पांडे सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

TREND