Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    दुबहर थाने में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव : भजनों की सरिता और जयकारों से गुंजायमान हुआ परिसर


    उत्तर प्रदेश बलिया 
    इनपुट:धीरज यादव 
    दुबहर,बलिया:--स्थानीय थाना परिसर में शुक्रवार की रात भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और असीम उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पुलिसिया कार्यशैली की व्यस्तताओं से परे, पूरे परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, बांदनवारों और फूलों से अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया था। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल के कुशल नेतृत्व में थाने के समस्त उप-निरीक्षकों एवं पुलिस कर्मियों ने कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे प्रत्येक श्रद्धालु, स्थानीय नागरिकों और अतिथियों का पूरे आदर-सत्कार के साथ आत्मीय स्वागत किया। जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर एक भव्य भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। मंच पर आते ही सुप्रसिद्ध गायक बबलू यादव ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया। उन्होंने भक्ति रस से सराबोर भजन "अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो..." पेश किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रोता भावविभोर हो उठे। इसके बाद भोजपुरी शैली के पारंपरिक सोहर और भजन- "सभा बीच सारी हमरो खींचऽता मुदईया ए कन्हैया जी... और "कृष्ण जन्म लिए जेल के भीतरिया में, भादो के अन्हरिया में ना..." की प्रस्तुति पर पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।गायक और वाद्ययंत्र वादकों की जुगलबंदी ने परिसर में मौजूद हर व्यक्ति को मंत्रमुग्ध कर दिया।
     जैसे-जैसे घड़ी की सूइयां मध्य रात्रि 12 बजे के समीप पहुंचीं, श्रद्धालुओं की उत्कंठा चरम पर पहुंच गई। ठीक 12 बजते ही, मानो प्रकृति भी इस जन्मोत्सव का स्वागत कर रही हो, हल्की-हल्की रिमझिम बारिश शुरू हो गई। ठीक इसी दिव्य क्षण पर जैसे ही बाल-गोपाल का प्राकट्य हुआ, पूरा थाना परिसर "जय श्री कृष्णा", "नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" और "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। जन्मोत्सव के तुरंत बाद मुरली मनोहर घनश्याम की विधिवत महाआरती उतारी गई। शंखध्वनि, घड़ियाल और वेदमंत्रों के उच्चारण के बीच पुलिस अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भगवान की आरती की। इसके पश्चात उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों के बीच पंजीरी, फल और पंचामृत का चरणामृत एवं महाप्रसाद वितरित किया गया। इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्गों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 
    कार्यक्रम में मुख्य रूप से:-- लक्ष्मण सिंह 'पप्पू', सुजीत सिंह, कृष्णकांत पाठक, पूर्व प्रधान मुन्ना पाठक, लुड्डू पांडेय, विनोद पासवान, कमलेश पांडेय, अरुण ओझा, रणजीत सिंह, बब्बन विद्यार्थी, नितेश पाठक, नागेंद्र तिवारी, अन्नपूर्णानंद तिवारी, चिरंतन गुप्ता, पन्नालाल गुप्ता, संदीप गुप्ता, त्रयंबक पांडेय, पवन गुप्ता, लक्की सिंह, धन्नू पांडेय, रवीश सिंह, राहुल मिश्रा, धनजी यादव एवं राजनाथ सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। देर रात तक चले इस भक्तिमय आयोजन ने पुलिस और जनता के बीच के संबंधों को एक नए सौहार्दपूर्ण और आत्मीय सूत्र में पिरोने का काम किया।

    Bottom Post Ad

    Trending News