उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकार, माधोमठ के पास दियारे में जाने के लिए बनी पुलिया के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने और स्टंट करने के दौरान गहरे पानी में जाने से रघुनाथपुर गांव के दो किशोरों की डूबकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी पांच लड़के बाइक से टेकार माधोमठ स्थित पुलिया के पास गंगा नदी किनारे पहुंचे थे। शुरुआत में वे नदी के पानी में अपनी मोटरसाइकिल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अनीस अंसारी (16 वर्ष) पुत्र चुनमुन अंसारी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी को बचाने में कूदा दूसरा युवक अनीस को डूबता देख उसे बचाने के लिए उसका साथी गोलू कुमार गोंड (17 वर्ष) पुत्र अजय शंकर गोंड बिना सोचे-समझे पानी में कूद पड़ा। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। किनारे मौजूद अन्य साथियों असलम अंसारी, अरमान अंसारी और अर्जुन ओझा ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तैरना न आने के कारण वे असफल रहे।साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल दुबहर थाना अध्यक्ष अनुपम जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों, मछुआरों और एसडीआरएफ की टीम की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घंटों चले कड़े सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिएउ जिला मुख्यालय भेज दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्चे पानी में उतरकर बाइक धोने और स्टंट जैसी लापरवाही न करते, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। घटना की खबर गांव रघुनाथपुर पहुंचते ही मातमी सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

TREND