उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज नगवा में सोमवार को प्रथम पाली में यूपी बोर्ड हाई स्कूल हिंदी की परीक्षा एवं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी परीक्षा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की विधिवत् जांच पड़ताल की गई। नकल माफियाओं पर कड़ी नजर रखने एवं शांति व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्र पर पुरुष एवं महिला पुलिस बल तैनात रही। दुबहर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार अपने हमराहियों के साथ सभी परीक्षा केंद्रों पर चक्रमण करते रहे।
ज्ञात हो कि शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज नगवा परीक्षा केंद्र पर हाई स्कूल, इंटर की छात्राएं एवं परमहंस इंटर कॉलेज मझौली, विश्वनाथ तिवारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निरुपुर, मीरा देवी बालिका इंटर कॉलेज हल्दी, सत्यनयन इंटर कॉलेज तीखमपुर, उजागर बाबा इंटर कॉलेज शिवपर दीयर, प्रेरणा हाई स्कूल इकौना हल्दी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसुधरपाह के छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड हाई स्कूल एवं इंटर की परीक्षा दे रहे हैं।
शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रवि राय ने बताया कि सुबह की पाली में हाई स्कूल हिंदी की परीक्षा बालक वर्ग में 410 परीक्षार्थियों को परीक्षा देना था, जिसमें 350 ने परीक्षा दी और 60 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। बालिका वर्ग में पंजीकृत 204 में 192 ने परीक्षा दी और 12 अनुपस्थित रही। इस प्रकार कुल 72 परीक्षार्थियों ने किसी कारणवश परीक्षा छोड़ दी।
सोमवार की शाम द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई। हिंदी में पंजीकृत 208 परीक्षार्थियों को परीक्षा देना था, जिसमें 194 ने परीक्षा दी तथा 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं सामान्य हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत 348 को परीक्षा देना था, जिसमें 313 ने परीक्षा दी तथा 35 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई।

TREND