Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    राणा सांगा विवाद; करणी सेना का 'बुलडोजर' हमला, आगरा में सपा सांसद रामजीलाल का आवास घेरा, तोड़फोड़ की कोशिश



    उत्तर प्रदेश आगरा 
    इनपुट: समाचार डेस्क 

    आगरा:--- राणा सांगा पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन की टिप्पणी से करणी सेना का गुस्सा फूट पड़ा. बुधवार को करणी सेना के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सपा सांसद के आवास पर बुलडोजर के साथ पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सपा सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान सांसद के आवास का गेट तोड़ने की भी कोशिश की. साथ ही तोड़फोड़ करते हुए कुर्सियां फेंकीं. इस दौरान तैनात पुलिस फोर्स ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने की कोशिश की. बीच-बीच में कई बार पुलिस को लाठी भी चलानी पड़ी. अब भी सांसद के आवास के सामने करणी सेना के हजारों कार्यकर्ता डटे हुए हैं.
    बुधवार को करणी सेना ने सपा सांसद के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था. सुबह से ही यमुना एक्सप्रेस वे पर करणी सेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षत्रिय समाज के लोग एकजुट होने लगे. हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कई बुलडोजर भी थे. कार्यकर्ता सपा सांसद के आवास का घेराव करने के लिए बुलडोजर के साथ निकले. आक्रोशित भीड़ लगातार सपा सांसद रामजी लाल के खिलाफ नारेबाजी करती रही. इधर, करणी सेना के प्रदर्शन को लेकर सपा सांसद के आवास पर पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई. सोसाइटी के दोनों गेट बंद कर दिए गए. वहीं, सांसद के आवास पर सपा के साथ ही भीम आर्मी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता भी जुट गए.
    जब करणी सेना के कार्यकर्ता सपा सांसद के आवास के बाहर जुटे तो भीड़ बेकाबू होने लगी. सोसायटी के गेट को तोड़ने की कोशिश की गई. थोड़ी ही देर में कुर्सियां फेंकी जाने लगीं. लोगों का आक्रोश देख पुलिस ने मोर्चा संभाला. भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया गया. बीच-बीच में हल्का बल प्रयोग भी किया गया. इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ.
    इस वजह से फूटा गुस्सा: सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने राज्यसभा में टिप्पणी की थी. सांसद ने कहा था कि राणा सांगा ने बाबर को हिंदुस्तान बुलाया था. उन्होंने राणा सांगा को गद्दार और हिंदुओं को उनकी संतान बताया. इससे क्षत्रिय समाज और हिंदूवादियों में गहरा आक्रोश है. देशभर में भाजपा और क्षत्रिय समाज के लोग इसके विरोध में हैं. आगरा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के खिलाफ हरिपर्वत थाना में शिकायत दी गई है. इसके साथ ही सिविल कोर्ट सीनियर डिवीजन में अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव और रामजीलाल सुमन के खिलाफ वाद दायर किया है.
    ओकेंद्र राणा ने कही ये बात: आगरा में करणी सेना के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था. इसको लेकर उन्होंने एक वीडियो जारी किया था. कहा था कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने क्षत्रिय समाज के महापुरुष के खिलाफ ओछी बात कही है. हमारे महापुरुष और पूर्वजों को कोई भी गाली दे जाता है. सांसद के आवास की हर ईंट पर राणा सांगा लिखना है. इस बार हम माफ नहीं करेंगे. अगर माफी मांगनी है तो रुपवास में महाराणा सांगा के स्मारक पर नाक रगड़कर माफी मांगनी पड़ेगी. राजपूत और क्षत्रिय समाज एकजुट होकर दिखा दे कि कोई भी हमारे महापुरुषों के लिए कुछ बोलने से पहले सोचे।


    Bottom Post Ad

    Trending News