उत्तर प्रदेश संभल
इनपुट: समाचार डेस्क
संभल :---संभल सीओ अनुज चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। साल में 52 जुम्मे,एक दिन होली वाले बयान के बाद अब अनुज चौधरी ने नया बयान दिया है।पीस कमेटी की मीटिंग में अनुज चौधरी ने कहा कि यदि आप ईद की सेवइयां खिलाना चाहते हो तो आपको होली की गुझिया भी खानी पड़ेगी।वो गुझिया खाएं,हम सेवइयां खाएं,लेकिन दिक्कत ये हो जाती है कि एक पक्ष खाने को तैयार है,दूसरा नहीं। फिर यहां भाईचारा खत्म हो जाता है।भाईचारा खराब नहीं होना चाहिए।
संभल में बुधवार को ईद और रामनवमी को लेकर सदर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक हुई।बैठक में हिंदू और मुस्लिम समुदाय से जुड़े शामिल हुए।रामनवमी और ईद पर शांति व्यवस्था बनी रहे।इस मौके पर अनुज चौधरी ने अपना होली वाला बयान फिर से दोहराया।कहा कि हिंदुओं की होली साल में एक बार आती है और आपका जुमा हर हफ्ते आता है।इसलिए इसमें कुछ भी गलत नहीं है।अनुज चौधरी ने कहा कि अगर मेरा पिछला बयान गलत था तो लोग हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गए,मुझे सजा करवाते।
सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि जश्न के माहौल में बवाल या किसी अन्य तरह की दिक्कत पैदा होगी तो इसका खामियाजा दोनों पक्ष को भुगतना होगा। अनुज चौधरी ने कहा कि हम लोग निष्पक्षता से जो काम करते हैं,इसलिए इसे कोई अदरवाइज न ले और ना ही इसपर कोई राजनीति करे। अनुज चौधरी ने उदाहरण देते हुए कहा कि संभल को छोड़कर किसी भी जिले में बीते तीन महीने के अंदर कोई बवाल नहीं हुआ है, यहां जो दंगे हुए,उसमे कितने लोग थे,यह यहां मौजूद सभी लोगों को पता है।बावजूद इसके वहीं लोग जेल भेजे जा रहे हैं, जिनके खिलाफ सबूत हैं।ऐसा नहीं है कि किसी को बिना सबूत के जेल भेजा गया हो।
एएसपी श्रीश चन्द्र ने बताया कि आज थाना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक की गई,जिसमें सभी पक्षों के लोग सदस्य गण मौजूद रहे।उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि कहीं भी नमाज रोड पर अदा नहीं की जायेगी। परंपरागत तरीके से जिन मस्जिदों और ईदगाह में होती है वहीं नमाज अदा की जाएगी।परिसर के बाहर विभिन्न जगह नमाज अदा नहीं की जाएगी। छतों पर भी अनावश्यक रूप से लोग ना इकट्ठे होंगे और ना ही नमाज पढ़ेंगे। परंपरागत तरीके से जिन जगहों पर नमाज अदा की जाती हो वहीं पर होगी।साथ ही लाउडस्पीकर अनावश्यक रूप से नहीं बजाएं जाएंगे यह भी सुनिश्चित किया गया है।
बैठक में एसडीएम ने साफ तौर पर कहा कि ईद और अलविदा जुमा की नमाज किसी हाल में सड़क पर नहीं होगी। इसके अलावा मकान की छतों पर भी नमाज की इजाजत नहीं दी जाएगी।एसडीएम ने इसकी वजह भी बताई।
एसडीएम ने कहा कि बहुत संभव है कि छत पर नमाज के वक्त भीड़ जमा हो जाए और छत ही धंस जाए,इसलिए किसी भी छत पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी।मुस्लिम समाज के लोगों ने एसडीएम सदर से छत पर नमाज की अनुमति मांगी थी,इसके जवाब में एसडीएम ने कहा कि जामा मस्जिद के चबूतरे के बाहर भी नमाज नहीं होगी। एसडीएम ने मुस्लिम समाज के लोगों से कहा कि वह सबको समझाएं कि नमाज मस्जिद के अंदर ही अदा करें।
बताते चलें कि होली से पहले कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक हुई थी। बैठक में सीओ अनुज चौधरी ने कहा था कि साल में 52 जुम्मे आते हैं और होली एक बार आती है,जिनको रंगों से दिक्कत हो तो वे उस दिन घर से बाहर न निकले। अनुज चौधरी के इसी बयान पर बवाल मच गया था।विपक्ष ने जहां अनुज चौधरी के इस बयान की आलोचना की थी तो वहीं भाजपा ने इसका समर्थन किया था।

TREND