Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत : आनंद स्वरूप



    उत्तर प्रदेश बलिया 
    इनपुट:धीरज यादव 

    दुबहर, बलिया:-- विकास खंड दुबहर अंतर्गत शिवरामपुर, सवरूबांध गांव में गुरुवार को भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की शताब्दी जयंती को सुशासन दिवस के रूप में श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि छद्म और जातिवादी राजनीति को छोड़कर राष्ट्र प्रेम की लौ को जलाए रखना ही भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए अंत्योदय का जो सपना देखा था, वह आज साकार हो रहा है। आज सरकार की योजनाएं बिना भेदभाव के गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रही हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
    कार्यक्रम को वक्ता के रूप में विक्की श्रीवास्तव, अभिषेक सोनी, अमित दुबे, दुर्गेश राय एवं अमित राय ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और सर्वमान्य नेता थे। उनके विचार आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता की भावना से परिपूर्ण रहा।
    कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंचानंद वर्मा, प्रेम राय, पिंटू सिंह, दिलीप सोनी, घनश्याम पाण्डेय, राजू पाण्डेय, राजू सिंह, अनूप वर्मा, रत्नाकर सिंह, राहुल पाण्डेय, अरुण ओझा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अंजनी पाण्डेय एवं संचालन अनुभव सिंह ने किया। अध्यक्षीय संबोधन में ग्राम प्रधान ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    Bottom Post Ad

    Trending News