उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर,बलिया:--क्षेत्र के ग्राम सभा कछुआ खास में रविवार को 'सत्यम, शिवम, सुंदरम युवा कमेटी' के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में न केवल मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, बल्कि सामाजिक सरोकार निभाते हुए जरूरतमंदों की मदद भी की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, कांग्रेस नेता व नगर विधानसभा बलिया के पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश तिवारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कमेटी के सदस्य सागर, दिलीप, बेचन वर्मा, रविंद्र पासवान, अरविंद यादव और राजकुमार वर्मा सहित अन्य युवाओं ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन और निरंतर प्रयास ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि "पुरस्कार केवल एक भौतिक वस्तु नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा है। उन्होंने परीक्षा में सम्मिलित सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि ओमप्रकाश तिवारी के हाथों पुरस्कृत किया गया जिसमे प्रथम स्थान के लिए देव कुमार निवासी शुक्ल छपरा को साइकिल और मेडल से, द्वितीय स्थान के लिए शशांक साहू निवासी बिगहीं को टेबल एवं मेडल से, तथा तृतीय स्थान के लिए टिंकू केसरी निवासी शुक्ला छपरा को घड़ी एवं मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया। वहीं कमेटी द्वारा शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले सभी परीक्षार्थियों को घड़ी एवं मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान संस्था द्वारा क्षेत्र के असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण भी किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान बलराम यादव, जिला पंचायत सदस्य कवित्री, पूर्व ग्राम प्रधान शिव शंकर वर्मा, समाजसेवी रणविजय पांडेय, कल्याण सिंह, लक्की सिंह, लल्लन यादव, अरविंद यादव और राजकुमार वर्मा समेत सैकड़ों ग्रामीण व छात्र उपस्थित रहे।

TREND