उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट: धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- थाना क्षेत्र के रामपुर टीटीही गांव के उत्तर दिशा में रविवार की शाम करीब 4:00 बजे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से गेहूं के खड़े फसल जलकर राख हो गए। गेहूं के खेतों के आगे मक्का की हरी फसल होने के कारण आग पर स्वतः ब्रेक लग गया, जिससे एक बड़ी तबाही होने से टल गई।
किसान नागेश्वर सिंह ने बताया कि रविवार की शाम गांव के उत्तर दिशा में स्थित बिजली के खंभे पर लगे जम्फर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। उससे निकली चिंगारी सीधे नीचे खड़े गेहूं के सूखे खेत में जा गिरी। तेज पछुआ हवा के झोंकों के बीच आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। खेतों से उठती आग की लपटें देखकर ग्रामीण बदहवास होकर अपने खेतों की ओर दौड़े और आग बुझाने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही दुबहर थाना अध्यक्ष अजय पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, और दमकल विभाग को तत्काल सूचित किया। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे आगे फैलने से रोका। फसल जलकर राख होने के बाद पीड़ित किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने लेखपाल को मौके पर भेज कर सर्वे कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि किसान भारी नुकसान से ऊपर सके।
थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि इस अग्निकांड में मुख्य रूप से पांच किसानों की फसल नष्ट हुई है। ग्रामीणों के अनुसार कुल नुकसान करीब ढाई दीघा के करीब हुआ है, जिसमे सुभाष वर्मा का एक बीघा, देवनाथ यादव का दस कट्ठा, बीरबल राम का दस कट्ठा, रामजी यादव का दस कट्ठा, जितेंद्र यादव का दस कट्ठा और शिवनाथ गुप्ता का दस कट्ठा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गयी है। वहीं किसान सुभाष वर्मा ने बताया कि हमलोगों ने खेत लगान पर लिया था। महंगे बीज और खाद डालकर फसल तैयार की थी कि परिवार का भरण-पोषण हो सके। इस आग ने मेरी कमर ही तोड़ दी।

TREND