उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
*दुबहर, बलिया:-- क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती व्यासी में आयोजित शतचंडी महायज्ञ सह शुक्ल यजुर्वेद स्वाहाकार यज्ञ सोमवार को वैदिक मंत्रोचार के बीच हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया। यज्ञ के अंतिम दिन रविवार को सुप्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. ओंकार नारायण भारद्वाज ने राजा परीक्षित मोक्ष और सुदामा चरित्र की अत्यंत भावपूर्ण संगीतमय कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा व्यास डॉ. ओंकार नारायण ने शुकदेव महाराज के अलौकिक जन्म का वर्णन करते हुए कहा कि वे इस संसार में केवल श्रीमद्भागवत का ज्ञान देने के लिए ही प्रकट हुए थे। वे माता के गर्भ में बारह वर्ष तक रहे। उन्होंने आगे शुकदेव-परीक्षित संवाद का जीवंत वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार कलयुग के प्रभाव में आकर धर्मात्मा राजा परीक्षित से समीक ऋषि के गले में मृत सर्प डालने का अपराध हुआ। ऋषि के पुत्र द्वारा दिए गए श्राप के कारण राजा को सातवें दिन तक्षक सर्प के डसने से मृत्यु का भय था, लेकिन शुकदेव जी द्वारा सुनाई गई अमर भागवत कथा के प्रभाव से राजा परीक्षित ने मोक्ष प्राप्त किया। सुदामा चरित्र का प्रसंग बताते हुए डॉ. भारद्वाज ने कहा कि जब द्वारपाल ने द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण को सुदामा के आने की सूचना दी, तो प्रभु नंगे पांव मित्र की अगवानी के लिए दौड़ पड़े। यह दृश्य देखकर हर कोई हैरान था। भगवान ने सुदामा को अपने सिंहासन पर बैठाकर स्वयं अपने आंसुओं और हाथों से उनके पांव पखारे। कथा व्यास ने कहा कि दुनिया में जिसके पास निश्छल प्रेम रूपी धन है, वह कभी निर्धन नहीं हो सकता। मित्रता में कोई राजा या रंक नहीं होता, इसमें ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं है।
कथा से पूर्व वाराणसी (काशी) से पधारे प्रकाण्ड विद्वान ब्राह्मणों द्वारा दिव्य महाआरती उतारी गई। महाआरती के दौरान बज रहे विभिन्न धार्मिक और भक्तिमय गीतों की धुनों पर पंडाल में उपस्थित हजारों श्रद्धालु झूमने और नाचने पर मजबूर हो गए। पूरा माहौल भक्तिमय और जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान यज्ञ समिति के सदस्यों द्वारा यज्ञ में पहुंचे उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं अन्य गणमान्य लोगों का अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। सोमवार की सुबह यज्ञाचार्य पंडित रणजीत तिवारी के कुशल नेतृत्व में उपस्थित विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। सोमवार की शाम को एक विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें आस-पास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य के भागी बने। यज्ञ समिति और स्थानीय युवाओं ने पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सराहनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि देवनारायण सिंह पुन्ना, पूर्व ब्लाक प्रमुख दिनेश पाठक, जि0 पं0 स0 प्रतिनिधि पिंटू जावेद, सुजीत सिंह, कमलेश पांडेय, यज्ञ समिति अध्यक्ष भगवान जी मिश्रा, गणेश जी सिंह, राजू मिश्रा, बसंत सिंह, प्रधान धर्मेंद्र यादव, पूर्व प्रधान पिंटू मिश्रा, अवध कुमार तिवारी, पवन जी महाराज, निरंजन तिवारी, नरेंद्र सिंह, बच्चन जी प्रसाद, शंकर जी चौरसिया, जितेंद्र मिश्र, लक्ष्मी यादव, अभिमन्यु सिंह, अजीत यादव, पवन गुप्ता, सुरेंद्र यादव, हीरा गुप्ता, पन्नालाल गुप्ता, गोरख चौरसिया, अजय तिवारी, अवधेश तिवारी, कृष्णा यादव, मनोज गिरी, राजू तिवारी, छवांगुर गिरी, वरुण सिंह, उपेंद्र राय, नंदकुमार चौबे, लखन खरवार, कर्ण यादव आदि लोगों ने कथा श्रवण कर पुण्य के भागी बने। इस मौके पर थाना दुबहर की पुलिस मौजूद रही।

TREND