उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- क्षेत्रीय आस्था के प्रमुख केंद्र, नगवा गाँव स्थित ऐतिहासिक माँ काली मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी मंदिर का वार्षिक वार्षिकोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और विविध धार्मिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर माँ काली सेवा समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा तैयारियाँ अंतिम रूप में पूरी की जा रही हैं।
कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए माँ काली सेवा समिति के सक्रिय सदस्य विकास चौबे ने बताया कि वार्षिकोत्सव का शुभारंभ 26 सितंबर की सुबह माँ काली के विशेष पूजन-अर्चन और अलौकिक श्रृंगार के साथ होगा। तत्पश्चात, विश्व कल्याण व क्षेत्र की समृद्धि की कामना को लेकर श्रीरामचरित मानस के सुंदरकांड पाठ का सस्वर आयोजन किया जाएगा। सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत दोपहर से 24 घंटे का निरंतर 'अखंड हरिनाम संकीर्तन' प्रारंभ होगा। अगले दिन, 27 सितंबर को अखंड हरिनाम संकीर्तन के समापन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होने वाले भव्य हवन-पूजन के बाद, शाम के समय विशाल बाल भोज, भंडारे का आयोजन किया गया है। महाप्रसाद वितरण का यह क्रम देर रात तक चलेगा।
समिति सदस्य विकास चौबे ने क्षेत्र के समस्त सम्मानित नागरिकों, श्रद्धालु भक्तों एवं युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि वार्षिकोत्सव का यह आयोजन हम सभी की साझी आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है। आप सभी धर्मप्रेमी बंधु परिवार व इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में पधारकर माँ काली का आशीर्वाद प्राप्त करें, सुंदरकांड पाठ व हरिनाम संकीर्तन में सहभागिता निभाएं तथा प्रसाद ग्रहण कर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाएं।

TREND