उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट: हिमांशु शेखर
बलिया, 31 अगस्त :-- गंगा समग्र की एक महत्वपूर्ण बैठक आज जिला संयोजक धनंजय उपाध्याय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में तमसा नदी की स्वच्छता, निर्मलता एवं संरक्षण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से काशी प्रांत के सह प्रांत संयोजक श्री दीवाकर द्विवेदी जी, गोरक्ष प्रांत के प्रांत संयोजक श्री राजकिशोर मिश्रा जी तथा राष्ट्रीय शैक्षणिक सह-आयाम प्रमुख श्री गिरीश नारायण चतुर्वेदी जी उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तमसा नदी को बचाने, उसकी स्वच्छता एवं निर्मलता के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए “तमसा बचाओ जागरण रथ यात्रा” निकाली जाएगी। यह यात्रा आजमगढ़ स्थित दुर्वासा आश्रम से प्रारंभ होगी। यात्रा के दौरान तमसा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में व्यापक जनजागरण किया जाएगा तथा जगह-जगह स्थानीय नागरिकों से नदी की आरती एवं संरक्षण अभियान में सहभागिता का आह्वान किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जागरण रथ यात्रा के समापन अवसर पर आगामी 4 नवंबर को गंगा महोत्सव, बलिया में एक भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देने तथा तमसा नदी के संरक्षण एवं निर्मलता के लिए जनचेतना जागृत करने पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति, सभ्यता और जीवन का आधार हैं। तमसा नदी का उल्लेख रामायण सहित प्राचीन ग्रंथों में मिलता है। इसलिए इस पौराणिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और निर्मलता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। जनसहभागिता से ही तमसा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं जीवनदायिनी बनाया जा सकता है।
बैठक में तमसा भाग प्रमुख श्री दिलीप शर्मा जी, प्रांतीय कोष प्रमुख श्री राजेश्वर गिरी जी, श्री देवनारायण पांडे जी, श्री सशिभूषण चतुर्वेदी जी, श्री सौरव जी, श्री ओमप्रकाश जी एवं श्री पवन जी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने तमसा नदी के संरक्षण, स्वच्छता एवं निर्मलता के लिए जन-जागरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

TREND