उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
बलिया:--बांसडीह रोड क्षेत्र के बिशनपुरा गांव में लोकगीत बिरहा गायक स्व0 लालबच्चन यादव की तेरहवीं के अवसर पर शुक्रवार की देर शाम श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। दूर-दूर से आए कलाकारों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके तैल चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए नगर के पूर्व चेयरमैन संजय उपाध्याय ने कहा कि मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के गायक स्व0 लालबच्चन यादव की बिरहा जगत में एक अलग पहचान थी। वे अपने बिरहा के माध्यम से सदैव समाज को सामाजिक, धार्मिक, ऐतिहासिक व राजनैतिक संदेश देते रहे। उनकी कमी सदा समाज के लोगों को खलती रहेगी। गीतकार बब्बन विद्यार्थी ने कहा कि गायक स्व0 लालबच्चन यादव ने हमेशा अश्लील गीतों से अपने को दूर रखा। वे कहा करते थे कि भोजपुरी भाषा में अश्लीलता की कोई जगह नहीं है। उनकी प्रसिद्ध निर्गुण गीत- "माटी के देहिया माटी में मिल जाई.. सदैव लोगों के जेहन में रहेगी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से सपा नेता रंजीत चौधरी, गीतकार प्रभु बिशनपुरी, महावीर चौधरी, मानवेंद्र सिंह, प्रधान मुन्ना प्रसाद, पूर्व प्रधान रामजी यादव, छितेश्वर तिवारी, गायक विश्वनाथ प्रसाद, गायक लल्लू यादव, गायक अशोक राम, प्रधानाध्यापक लक्ष्मण यादव, शिवनारायण प्रसाद, ढोलक वादक श्यामलाल राम, श्याम कुमार यादव आदि लोग मौजूद रहे। अंत में स्वर्गीय यादव के द्वय पुत्र संजय यादव एवं धनंजय यादव ने सबके प्रति आभार प्रकट किया।

TREND