उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण क्षेत्र में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा संचालित राहत व्यवस्था के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत ओझा कछुआ व भरसर के ग्रामीणों में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री किट का वितरण किया गया। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
बाढ़ के चलते क्षेत्र के कई परिवारों के सामने रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में परेशानी उत्पन्न हो गई है। आवागमन प्रभावित होने के साथ ही पशुओं के चारे तथा परिवार की अन्य जरूरी वस्तुओं की व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी सहारा साबित हो रही है। राहत सामग्री वितरण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से बाढ़ के दौरान सतर्कता बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस मौके पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रतिनिधि हर्ष सिंह, दुबहर मंडल अध्यक्ष ब्रजेश दुबे रिंकू, प्रधान प्रतिनिधि रजनीश पाण्डेय ‘गबडू’, ग्राम प्रशासक रेखा पांडेय, लेखपाल अम्बरीष सिंह, भरसर ग्राम प्रधान भगवान यादव, ब्रजेश पांडेय, अखिलेश प्रताप सिंह ‘मिंटू’, किशोर पांडेय, मंगलदेव पांडेय, मनोज राम, रामजी राम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

TREND