उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक कल्याण समिति दुबहर की ओर से शहीद मंगल पांडेय के पैतृक गांव नगवा में पूर्व वायुसेना अधिकारी अरुणेश पाठक के आवास पर भव्य कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अनेक पूर्व सैनिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सैनिकों के त्याग, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीकांत तिवारी ने कहा कि देश के सैनिक हर परिस्थिति में राष्ट्र की रक्षा और सम्मान के लिए समर्पित रहते हैं। वे सीमा से लेकर समाज तक राष्ट्रभक्ति की भावना को सर्वोपरि रखते हैं। सैनिकों का जीवन त्याग, अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। देश की सुरक्षा में वर्तमान सैनिकों के साथ-साथ पूर्व सैनिकों का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अनुभव, समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा से समाज की नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने अपने सेवाकाल में देश की सुरक्षा के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक कार्यों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पूर्व सैनिकों के सम्मान, सहयोग और कल्याण के लिए संगठनों को निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
समारोह में पूर्व सैनिक कल्याण समिति दुबहर की ओर से पूर्व वायु सेना अधिकारी अरुणेश पाठक, ब्लॉक अध्यक्ष अंगद सिंह एवं नवल सेना के जिला अध्यक्ष रजनीश चौबे ने संयुक्त रूप से दर्जनों पूर्व सैनिकों का माल्यार्पण कर, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया। आयोजकों ने कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति उनके त्याग और समर्पण के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
इस दौरान लोकगीत गायक विजय बहार ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से अनेक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों ने उपस्थित पूर्व सैनिकों और अतिथियों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह और अधिक बढ़ा दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। पूर्व सैनिकों के अनुभवों और उनके योगदान से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है कि राष्ट्रहित और समाजसेवा को सदैव प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
समारोह में स्मारक सोसाइटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, पूर्व प्रधान अनिल सिंह, पूर्व सैनिक लखनपाल यादव, दद्दन यादव, परशुराम यादव, हरेंद्र पांडेय, गोपाल सिंह, विजय कुमार पांडेय, हीरालाल यादव, नरोत्तम पाठक, राम सिंहासन पाठक, भरत पाठक, गोविंद पाठक, राजनाथ सिंह, रमन पाठक, पवन चौबे, हरिशंकर पाठक, विष्णु देव चौधरी, सुरेश पाठक, राजाराम प्रसाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरुणेश पाठक एवं रजनीश चौबे ने की।

TREND