उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--क्षेत्र के ग्राम जनाड़ी स्थित जनेश्वर मिश्र मार्ग के समीप रविवार को होने वाले भगवान श्री कृष्ण एवं उनके भक्त काशी दास बाबा के पूजनोत्सव से पूर्व शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। बैंड-बाजे, डीजे तथा ऊंट-घोड़ों से सुसज्जित कलश यात्रा मंडप स्थल से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए जनेश्वर मिश्र सेतु पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने गंगा से पवित्र जल भरकर पूजन स्थल की ओर प्रस्थान किया। कलश यात्रा के दौरान जय श्री कृष्ण एवं जय श्री काशी दास बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
आयोजक मंडल के मुखिया रामजी यादव और गोरख यादव ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे गाजीपुर निवासी पंथी सुरेंद्र यादव के सानिध्य में विधि-विधान से पूजन-अर्चन प्रारंभ होगा। पूजन के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में दिन में गायक सनी पांडेय अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि शाम 3:00 बजे से रात्रि तक दुगोला बिरहा का मुकाबला प्रसिद्ध गायक सुधीर लाल यादव एवं गायिका का खुशी यादव के बीच होगा। कलश यात्रा में यदुवंशियों के साथ क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

TREND