Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    श्रीराम कथा के दूसरे दिन सोहर और भजनों के बीच धूमधाम से मनाया गया भगवान राम का जन्मोत्सव


    उत्तर प्रदेश बलिया 
    इनपुट:धीरज यादव 

    दुबहर, बलिया:-- क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती बेयासी अखार ढाला स्थित श्रीराम जानकी मंदिर के प्रांगण में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन बृहस्पतिवार की देरशाम कथा व्यास पंडित अरविंद तिवारी ने भगवान श्री राम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। संगीत की मधुर धुनों और पारंपरिक सोहरों के बीच भगवान का जन्मोत्सव मनाते हुए पूरा परिसर 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
    धर्म की रक्षा हेतु अवतारवाद का महत्व कथा व्यास ने श्रीरामचरित मानस की चौपाई “विप्र धेनु सुर संत हित, लीन्ह मनुज अवतार” की व्याख्या करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान दुष्टों का संहार करने और सज्जनों की रक्षा के लिए मानवीय रूप में अवतार लेते हैं। उन्होंने बताया कि प्रभु का अवतार मात्र असुरों के वध के लिए नहीं, बल्कि समाज में मर्यादा और धर्म की स्थापना के लिए होता है। जैसे ही कथा में भगवान के जन्म का प्रसंग आया, पंडित जी ने “भए प्रगट कृपाला दीन दयाला, कौशल्या हितकारी” स्तुति का सस्वर पाठ किया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान के विग्रह पर पुष्प वर्षा की और झूमते हुए संकीर्तन किया। कथा व्यास ने कहा कि जो दंपत्ति पूरी निष्ठा और पवित्रता से प्रभु की आराधना करते हैं, उन्हें श्रीराम जैसी सुयोग्य संतान की प्राप्ति होती है।
    गृहस्थ जीवन और मर्यादा का संदेश मानव जीवन के दैनिक क्रियाकलापों पर चर्चा करते हुए उन्होंने जोर दिया कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी धर्म का पालन संभव है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि अपनी समस्त जिम्मेदारियों का निर्वहन मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलते हुए करें। यही प्रभु श्री राम के जीवन का मूल संदेश है। कथा के विश्राम पर मुख्य यजमान सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने विधि-विधान से आरती उतारी। इसके पश्चात उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
    इस मौके पर श्रीकांत सिंह, उदय नारायण सिंह, संतोष मिश्रा, पूर्व सैनिक शिवजी यादव, मनजीत सिंह, कमल प्रकाश सिंह, अशोक गुप्ता, प्रेमजी चौबे, ध्रुव नारायण सिंह, सत्यनारायण पाठक, शिक्षक त्रिभुवन यादव, रंजीत सिंह, सुरेंद्रनाथ चौबे, धर्मेंद्र सिंह, वशिष्ठ मिश्र, मुकेश सिंह, तारकेश्वर यादव, सुमित सिंह, बब्बन साहनी सहित बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

    Bottom Post Ad

    Trending News