उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट: धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--महासरस्वती पूजनोत्सव को लेकर चल रहे पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत तीसरे दिन रविवार की देर शाम ओझवलिया बाजार में 'मां दुर्गा झांकी ग्रुप बेल्थरा रोड बलिया के कलाकारों द्वारा देवी, देवताओं पर आधारित प्रसंग के दृश्यों की मनोहरी झांकी की शानदार प्रस्तुति दी गयी। इस दौरान झांकी देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुति की लोगों ने खूब सराहना की तथा तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा बाजार गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखर समाजसेवी रणविजय पाण्डेय ने सर्वप्रथम पंडाल में स्थापित मां शारदे की मूर्ति के सामने दीप प्रज्वलित कर दर्शन पूजन किया। तत्पश्चात सांस्कृतिक मंच का फीता काट कर उद्घाटन किया। इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता पर आधारित देवी-देवताओं की झांकी शक्ति, पवित्रता और दिव्यता का प्रतीक है। झांकी का उद्देश्य जीवन में धर्म से जुड़ने व नैतिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करना है। यह झांकी न केवल आध्यात्मिक प्रेरणा देती है बल्कि भारतीय संस्कृति की धरोहर को भी जीवंत बनाए रखती है।
इस दौरान मुख्य अतिथि रणविजय पाण्डेय व पूर्व ग्राम प्रधान विनोद दुबे ने संयुक्त रूप से प्रिंट मीडिया के पत्रकारों एवं विक्टर क्लब के सभी सदस्यों के कार्यों की सराहना करते हुए सभी का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र से सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूजा कमेटी के संचालक सुशील कुमार दुबे ने बताया कि सोमवार को भी ओझवलिया बाजार में शाम 7 बजे से आजमगढ़ जिला की सुप्रसिद्ध झांकी ग्रुप द्वारा शानदार झांकी का प्रस्तुतीकरण किया जायेगा, उन्होंने लोगों को अधिकाधिक संख्या में आने के लिए अपील किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष पिंटू राय, जितेंद्र वर्मा, सोनू दुबे, अक्षय कुमार, रजत विराट, अजय कुमार, डॉ. पप्पू वर्मा, अरविंद गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, इमरान अली, मुख्तार अंसारी, सुल्तान अली, राज गुप्ता, विकी गुप्ता, सिंटू वर्मा, अन्नपूर्णानंद तिवारी, संदीप गुप्ता, कुलदीप दुबे, धीरज यादव सहित हजारों महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।

TREND