उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
बलिया:--उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार, खरीफ-2026 के लिए कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बीजों के वितरण की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब बीज वितरण ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के पुराने सिद्धांत के स्थान पर ‘ई-लाटरी’ के माध्यम से पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
इस नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु विभाग के पोर्टल पर जनपद बलिया के समस्त विकास खंडवार लक्ष्य निर्धारित कर अपलोड कर दिए गए हैं।
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामान्य बीज वितरण एवं मिनीकिट बीज वितरण (प्रमाणित/संकर) हेतु बुकिंग विभाग के आधिकारिक पोर्टल http://agriculture.up.gov.in/ पर उपलब्ध है। ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया 22 अप्रैल, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।
अंतिम तिथि (कट-ऑफ): किसान भाई अपनी आवश्यकतानुसार बीज की बुकिंग 10 मई, 2026 तक कर सकते हैं। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में, लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा।
जनपद के समस्त इच्छुक कृषक समय सीमा के भीतर विभागीय पोर्टल पर जाकर अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें। ई-लाटरी के उपरांत चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सूचना प्रदान की जाएगी, जिसके आधार पर वे बीज प्राप्त कर सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए किसान भाई अपने संबंधित विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी या विकास खंड कृषि प्रसार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

TREND