Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदलीं : गंगा स्नान के दौरान तीन किशोर डूबे



    उत्तर प्रदेश बलिया 
    इनपुट:धीरज यादव 

    दुबहर, बलिया:-- शहर कोतवाली के श्रीरामपुर घाट पर गुरुवार की सुबह मुंडन संस्कार में शामिल होने आए तीन किशोर गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में शोक की लहर चहुंओर व्याप्त है।
     प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्राम जनाड़ी निवासी शिवजी वर्मा के नातिन का मुंडन संस्कार श्रीरामपुर घाट पर चल रहा था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने आए तीन किशोर सुबह करीब 9 बजे गंगा नदी में स्नान करने के लिए उतरे। पानी की गहराई का अंदाजा न मिल पाने के कारण तीनों अचानक गहरे पानी में समा गए। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वे आंखों से ओझल हो गए। नदी में डूबे किशोरों की पहचान अमन खरवार (16 वर्ष) पुत्र अजय खरवार, निवासी ग्राम घोड़हरा, बलवंत उर्फ भोलू (18 वर्ष) पुत्र रवींद्र वर्मा, निवासी ग्राम दवनी तथा किशन वर्मा (18 वर्ष) पुत्र सत्यदेव वर्मा, निवासी ग्राम करन छपरा है। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और शहर कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया।
     शहर कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि श्रीरामपुर घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान स्नान करते वक्त तीन किशोरों के डूबने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन में लगी है। खबर लिखे जाने तक किशोरों का पता नहीं चल सका था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार छानबीन में जुटा हुआ है।

    Bottom Post Ad

    Trending News