उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट: धीरज यादव
दुबहड़, बलिया:--क्षेत्र के कन्हई मठ (जनाड़ी) ईंट भट्ठे के पास बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में एक गंभीर रूप से घायल तथा दूसरे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत ने इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घोड़हरा निवासी राजूराम (28 वर्ष) और प्रदीप राम (30 वर्ष) रोज़ी-रोटी कमाने के लिए सुबह-सुबह एक ही मोटरसाइकिल से बलिया की ओर निकल रहे थे। भीड़-भाड़ से बचने के लिए उन्होंने रिंग बांध का रास्ता चुना, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह रास्ता उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। जैसे ही वे जनाड़ी ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक दूर जाकर गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी मोटरसाइकिल का चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय, बलिया पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राजूराम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं प्रदीप राम का इलाज बलिया के ट्रामा सेंटर में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक राजूराम का शव बलिया के मोर्चरी हाउस में रखा गया है। दुबहर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर फरार बाइक सवार की तलाश में जुट गई है। राजूराम अपने पीछे अपनी पत्नी, दो नन्हीं बेटियों, वृद्ध माता-पिता और भाई-बहनों को छोड़ गया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, पत्नी की चीखें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं। मासूम बेटियां अब भी इस कड़वी सच्चाई से अनजान हैं कि उनका पिता अब कभी घर लौटकर नहीं आएगा।

TREND