उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- थाना दुबहर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीते दिनों ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर हुई लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई राशि में से 66,000 रुपये बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि वादी मुकदमा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपने भाई के साथ मुजफ्फरपुर (बिहार) से खरबूजा बेचकर वापस बलिया लौट रहा था। आरोप है कि गाड़ी के ड्राइवर ने साजिश के तहत बसरिकापुर चट्टी पर किसी से फोन पर बात की और गाड़ी को बलिया ले जाने के बजाय जबरन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर मोड़ दिया। जनाड़ी के पास पहले से घात लगाए बैठे दो अन्य युवकों ने गाड़ी रुकवाई। इसके बाद ड्राइवर और उन युवकों ने मिलकर वादी के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे 70,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दुबहड़ पर मु.अ.सं. 42/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं (309(4), 61(2), 115(2), 351(3)) में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जनेश्वर मिश्र सेतु मार्ग पर सघन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों शंकर साहनी निवासी गजरी, शिवपुर दियर और विसम्भर साहनी निवासी गजरी, शिवपुर दियर को धर दबोचा। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही और तलाशी के दौरान अभियुक्त शंकर साहनी के पास से 30,800/- रुपये तथा विसम्भर साहनी के पास से 35,200/- रुपये अर्थात कुल 66000 रुपए नगद बरामद किए गए।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में- उप निरीक्षक शुभेन्द्र सिंह, रि.आ. अवनीश मिश्रा, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, रि.का. देवेन्द्र यादव, कांस्टेबल आलोक सिंह एवं रि.का. सहदेव वर्मा थाना दुबहर शामिल रहे।

TREND