Type Here to Get Search Results !

custum trend menu

Stories

    भीषण गर्मी में बिजली कटौती से त्रस्त दुबहर क्षेत्र की जनता, डीएम और अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन


    उत्तर प्रदेश बलिया 
    इनपुट:धीरज यादव 

    दुबहर, बलिया:-- क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पिंटू जावेद के नेतृत्व में क्षेत्र के सम्मानित मीडिया कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी बलिया एवं अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल, बलिया से उनके कार्यालय में बुधवार को मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था और सुचारू विद्युत आपूर्ति की माँग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
    सौंपे गए ज्ञापन में अवगत कराया गया कि 132/33 बलिया से जाने वाली 33 हजार की मेन लाइन, जो रघुनाथपुर फीडर होते हुए दुबहर तक जाती है, वह इस समय पूरी तरह जवाब दे चुकी है।अनावश्यक और बे-समय रोस्टिंग तथा 33 हजार एवं 11 हजार की लाइनों के ओवरलोड होने के कारण आए दिन ट्रिपिंग की समस्या हो रही है। कहीं तार टूट रहे हैं तो कहीं जम्पर उड़ जा रहे हैं। इस भीषण गर्मी में जहाँ २४ घंटे बिजली की सख्त जरूरत है, वहीं क्षेत्र की जनता को बमुश्किल कुछ घंटे ही बिजली नसीब हो पा रही है। ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को याद दिलाया गया कि पिछले वर्ष भी जनता को इसी प्रकार की समस्या से राहत दिलाने के लिए दुबहर पावर हाउस को 'रोस्टिंग मुक्त' किया गया था। वर्तमान में पड़ रही इस जानलेवा गर्मी में ग्रामीण जनता अत्यंत परेशान और त्रस्त है। बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित करने का एकमात्र तात्कालिक समाधान यही है कि दुबहर पावर हाउस को पुनः रोस्टिंग मुक्त घोषित किया जाए।शिकायत में यह भी रेखांकित किया गया कि इस पावर हाउस पर लाइनमैनों की भारी कमी है। इसके चलते फॉल्ट या कोई छोटी-सी तकनीकी समस्या आने पर भी उसे ठीक करने में घंटों लग जाते हैं और पूरी आपूर्ति ठप रहती है।
    मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और अधीक्षण अभियंता दोनों उच्चाधिकारियों ने समस्या का संज्ञान लिया और जल्द से जल्द इसका उचित व स्थायी समाधान कराने का ठोस आश्वासन दिया है। इस मौके पर मुख्य रूप से अरविंद पांडेय, पिंटू जावेद, रणजीत सिंह, अन्नपूर्णानंद तिवारी, भोला अंसारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

    Bottom Post Ad

    Trending News