उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:--क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि पवन कुमार गुप्ता के अथक प्रयासों से शिवपुर दियर नई बस्ती ब्यासी में रविवार की देर शाम बहुप्रतीक्षित आरओ प्लांट का शुभारंभ हुआ। इस जनहितकारी परियोजना का उद्घाटन दुबहर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि देव नारायण सिंह उर्फ पुन्ना सिंह ने विधिवत पूजन- अर्चन करने के बाद फीता काटकर किया। आरओ प्लांट शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, राहगीरों तथा आसपास के लोगों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि देव नारायण सिंह ने कहा कि किसी भी समाज के विकास का आधार उसके लोगों का स्वास्थ्य होता है और स्वास्थ्य की पहली शर्त स्वच्छ पेयजल है। उन्होंने कहा कि पवन कुमार गुप्ता द्वारा क्षेत्र की इस मूलभूत आवश्यकता को समझते हुए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप आज यह आरओ प्लांट जनता को समर्पित किया जा सका है।
क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि शिवपुर दियर नई बस्ती ब्यासी के लोगों, विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों तथा प्रतिदिन आवागमन करने वाले राहगीरों को लंबे समय से शुद्ध पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की इस समस्या को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बनाया और लगातार प्रयास कर आरओ प्लांट की स्थापना सुनिश्चित कराई। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका लक्ष्य है। इस आरओ प्लांट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जिस मार्ग पर इसे स्थापित किया गया है, वहां क्षेत्र का अत्यंत चर्चित और बड़ा साप्ताहिक बाजार भी लगता है। बाजार के दिन आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापार के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में अब बाजार में आने वाले व्यापारियों, ग्राहकों, किसानों और आम नागरिकों को भी स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी।
ग्रामीणों ने पवन कुमार गुप्ता के प्रयासों की भूरि-भूरि सराहना की है। कार्यक्रम के दौरान अभिमन्यु सिंह, अनिल सिंह, अजय सिंह, गौरव सिंह, नारायण उपाध्याय, सुरेंद्र यादव, धीरज कुमार, अंकित सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

TREND