उत्तर प्रदेश बलिया
इनपुट:धीरज यादव
दुबहर, बलिया:-- क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को डीएलएड तृतीय सेमेस्टर के दूसरे दिन की परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा और शुचिता के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिनभर चली तीन पालियों की परीक्षा के दौरान क्षेत्र के दो प्रमुख केंद्रों पर कुल 58 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
शहीद मंगल पांडेय इंटर कॉलेज, नगवां के प्रधानाचार्य रवि राय ने बताया कि प्रथम पाली में पंजीकृत 352 परीक्षार्थियों में से 9 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में पंजीकृत 374 में से 10 और तृतीय पाली में पंजीकृत 352 अभ्यर्थियों में से 9 ने परीक्षा छोड़ दी। इस केंद्र पर कुल 28 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
वहीं, राम सिंहासन किसान इंटर कॉलेज, दुबहर के प्रधानाचार्य दयाशंकर मिश्र के अनुसार प्रथम पाली में पंजीकृत 217 परीक्षार्थियों में से 10 अनुपस्थित पाए गए। द्वितीय पाली में दर्ज 228 में से 10 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे, जबकि तृतीय पाली में कुल पंजीकृत 217 विद्यार्थियों में से 10 अनुपस्थित रहे। इस केंद्र पर तीनों पालियों को मिलाकर कुल 30 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी।
परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए दोनों केंद्रों पर पुरुष एवं महिला पुलिस तैनात रही। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल पर्याप्त पुलिस बल के साथ दिनभर परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता से पूरी परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी विघ्न के सकुशल संपन्न हो गई।

TREND